Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन को सबका साथ मिल रहा है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान छात्रों की मदद कर चर्चा में आए मोहम्मद जुनैद धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की. धरना स्थल पर छात्रों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान जुनैद ने आंदोलन की पृष्ठभूमि, छात्रों की मांगों और अब तक की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है और छात्रों की जायज मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए.


छात्रों के मुद्दों के समर्थन में रांची आए
उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल या सरकार के पक्ष-विपक्ष में नहीं, बल्कि छात्रों के मुद्दों के समर्थन में रांची आए हैं. उनका कहना था कि जहां भी छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे, वे उनके साथ खड़े होने की कोशिश करेंगे. जुनैद ने कहा कि जंतर-मंतर के बाद उनकी पहचान जरूर बढ़ी, लेकिन छात्र हितों के लिए काम करना उनके लिए नया नहीं है. कॉलेज के दिनों से ही वे शिक्षा और छात्र समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं. उनके मुताबिक, जंतर-मंतर की घटना ने केवल उनके काम को राष्ट्रीय पहचान दिलाई. उन्होंने यह भी कहा कि छात्र हितों की आवाज उठाने की वजह से उन्हें व्यक्तिगत परेशानियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन इससे उनके संकल्प पर कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने दोहराया कि सरकार कोई भी हो, वे छात्रों के अधिकारों की आवाज उठाते रहेंगे.

AlsoRead:तरुण तेजपाल को बड़ा झटका: बॉम्बे हाईकोर्ट ने बरी का फैसला पलटा, दोषी करार


