Koderma : जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में दुकान से मोटरसाइकिल की बैट्री चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से चोरी की गई 14 नई बैट्री भी बरामद की गई हैं.

मामला क्या है
तिलैया थाना कांड संख्या 228/26 दिनांक 01.08.2026 सामंता पंप के पास स्थित दुकानदार राजकुमार भदानी पिता स्व. मधुसुदन प्रसाद भदानी के आवेदन पर दर्ज किया गया था. राजकुमार भदानी ने आरोप लगाया था कि उनके दुकान के स्टाफ सुमित कुमार पिता किशुन राम, निवासी तिलैया बस्ती ने दुकान से मोटरसाइकिल की नई बैट्री चोरी कर ली है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर पु.नि. विनय कुमार, थाना प्रभारी तिलैया के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने छापेमारी कर प्राथमिकी अभियुक्त सुमित कुमार उम्र 18 वर्ष और अप्राथमिकी अभियुक्त रोहित कुमार उम्र 25 वर्ष, पिता अशोक वर्णवाल, निवासी तिलैया बस्ती को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
14 बैट्री बरामद
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई Exide कंपनी की 14 नई मोटरसाइकिल बैटरियां बरामद कर विधिवत जप्त की गईं. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई में तिलैया थाना प्रभारी पु.नि. विनय कुमार, पु.अ.नि. सुबोध कुमार सिंह और तिलैया थाना के पैंथर आरक्षी और सशस्त्र बल शामिल थे.

