कोडरमा :जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति का आंदोलन होगा तेज, नवंबर में जिला मुख्यालय पर विशाल धरना

Koderma: जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति, कोडरमा की कोर कमिटी की बैठक रविवार को समिति की सदस्य शिल्पी सिंह के विद्यालय एमआर...

Koderma: जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति, कोडरमा की कोर कमिटी की बैठक रविवार को समिति की सदस्य शिल्पी सिंह के विद्यालय एमआर ग्लोबल स्कूल, चाराडीह में आयोजित हुई. समिति के अध्यक्ष धरतीपुत्र महेश भारती की अध्यक्षता और सचिव देवेंद्र कुमार के संचालन में हुई बैठक में संरक्षक राम रतन अवध्या, मो. सईद नसीम एवं विजय यादव समेत कई सदस्य मौजूद रहे.

तीन माह के आंदोलन की हुई समीक्षा

बैठक में पिछले तीन माह से चल रहे चरणबद्ध आंदोलन की समीक्षा की गई. जेजे कॉलेज में आयोजित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी आंदोलन को मिले समर्थन पर भी चर्चा हुई. समिति के सदस्यों ने कहा कि आंदोलन को छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों का समर्थन मिला है.

विश्वविद्यालय बदलने के फैसले पर जताई आपत्ति

बैठक में जेजे कॉलेज सहित कोडरमा जिले के सभी डिग्री कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से हटाकर गिरिडीह विश्वविद्यालय से जोड़ने के सरकार के निर्णय पर चिंता जताई गई. समिति ने कहा कि हजारीबाग की दूरी करीब 55 किलोमीटर है, जबकि गिरिडीह की दूरी करीब 130 किलोमीटर है. ऐसे में विश्वविद्यालय बदलने के फैसले से कोडरमा के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा.

पंचायत से प्रखंड स्तर तक बनेगी कमिटी

बैठक में निर्णय लिया गया कि अगस्त माह में झारखंड सरकार के अतिपिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव से मुलाकात की जाएगी. इसके साथ ही मुख्यमंत्री से मिलने और आगे की रणनीति पर चर्चा करने का प्रयास किया जाएगा. पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक समिति की कमिटियां गठित कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी फैसला लिया गया.

नवंबर में जिला मुख्यालय पर होगा बड़ा आंदोलन

आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए नवंबर में कोडरमा जिला मुख्यालय पर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों का विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया. समिति ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं है, बल्कि कोडरमा के विद्यार्थियों के बेहतर और सुलभ उच्च शिक्षा के अधिकार की रक्षा करना है.बैठक में समिति ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षाविदों और आम नागरिकों से आंदोलन को मजबूत करने की अपील की. मौके पर कृष्णा यादव, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कराटे, सह सचिव बिनोद राम, कोषाध्यक्ष तौफीक हुसैन, नीरज सिंह, संजय साजन, सुरेंद्र भाई मोदी, शिव शंकर वर्णवाल, सुभान अली, चंदू यादव, पिंकी कुमारी, शेबून निशा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे.
ALSO READ: सरायकेला में दो युवकों की हत्या का खुलासा, जमीन में गाड़े मिले शव, दो गिरफ्तार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *