Palamu: छतरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वा में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. इस दौरान एक पक्ष के गणेश साव पर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल उनका इलाज कराया जा रहा है.

तलवार और लाठी-डंडों से हमला, युवक का फटा सिर
घायल गणेश साव का आरोप है कि पुराने भूमि विवाद और रंजिश के चलते कृष्णमुरारी साव, विजय साव समेत परिवार के अन्य लोगों ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने तलवार और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया, जिससे गणेश साव का सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए.
मारपीट के दौरान सोने की चेन लूटने का आरोप
गणेश साव ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान आरोपियों ने उनके गले से करीब एक भर वजन की सोने की चेन छीन ली. पीड़ित के अनुसार, चेन की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
Read Also: बोकारो थर्मल में सड़क दुर्घटना, दो घायल, एक की हालत गंभीर
जान बचाकर भागे पीड़ित, गांव में तनाव का माहौल
हमले के बाद घायल गणेश साव किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. घटना के बाद मड़वा गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पीड़ित पक्ष ने छतरपुर थाने में नामजद लिखित आवेदन देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है. थाना प्रभारी ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
