Latehar: जिले की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस बैठक की अध्यक्षता एसपी कुमार गौरव ने की. बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में पिछले माह की आपराधिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई.

लंबित मामलों पर सख्त रुख
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न थानों में दर्ज लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन मामलों में जांच अटकी हुई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए. एसपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य लक्ष्य जनता को त्वरित न्याय दिलाना है. जांच में देरी से न केवल न्याय प्रक्रिया प्रभावित होती है, बल्कि अपराधियों के हौसले भी बुलंद होते हैं.

गंभीर अपराधों पर विशेष नजर
बैठक में विशेष रूप से गंभीर श्रेणियों के अपराध पर चर्चा की गई. जिनमें हत्या और लूट की घटनाएं में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी के निर्देश दिया गया. इसके अलावा दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और अनुसंधान में तेजी लाने पर जोर दिया गया. साथ ही जो मामले अब तक अनसुलझे हैं, उन्हें सुलझाने के लिए तकनीकी सेल की मदद लेने की हिदायत दी गई.
ALSO READ: रांची: बिना लाइसेंस चल रहे RO वाटर प्लांटों को 31 मई तक दिया गया आखिरी मौका
प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ एसपी ने पुलिस के प्रशासनिक दायित्वों की भी समीक्षा की. जिनमें सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी ई-डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट की एंट्री में तेजी लाने को कहा गया, साथ ही पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन के आवेदनों को बिना वजह लंबित न रखने के निर्देश दिया गया. रात में गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गई.
