लोहरदगा: रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को लोहरदगा सदर थाना परिसर से उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के संयुक्त नेतृत्व में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया.

फ्लैग मार्च के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. यह मार्च सदर थाना से शुरू होकर थाना चौक, बगड़ू मोड़, ईमला चौक, अमला टोली, सोमार बाजार, सुभाष चौक, न्यू रोड, बरवा टोली चौक, मिलन चौक, राणा चौक, महावीर चौक, अपर बाजार और शास्त्री चौक होते हुए पुनः सदर थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ.
इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया. साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे पर्व के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.
उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद ने कहा कि रामनवमी एक महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है और इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाया जा सके.
वहीं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है. ड्रोन कैमरों के माध्यम से जुलूस मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले में रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.
