
लोहरदगा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहरदगा सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मैना बगीचा स्थित शनि मंदिर के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का खुलासा किया.
युवक भागा, फिर गिरफ्तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे उसके घर से धर दबोचा.
अवैध मादक पदार्थ और उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपी के कमरे की तलाशी ली तो वहां से पीले पॉलिथीन में रखा अवैध मादक पदार्थ, जिसे ब्राउन शुगर बताया जा रहा है, बरामद किया गया. साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन भी जब्त की गई, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी मादक पदार्थों की तौल कर बिक्री करता था.
गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की कुल मात्रा करीब 4 ग्राम है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय युवक के रूप में की गई है, जो मैना बगीचा का निवासी बताया जा रहा है.
इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके.
नशे के खिलाफ अभियान जारी
लोहरदगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना की है.
