Lohardaga: रांची-लोहरदगा-टोरी रेल लाइन पर इन दिनों सोशल मीडिया रील बनाने की सनक युवाओं को खतरनाक स्थिति में धकेल रही है. ताजा मामला कचहरी मोड़ रेलवे ब्रिज के पास का है, जहां कुछ युवक मालगाड़ी के सामने खड़े होकर वीडियो बनाते नजर आए. यह दृश्य न केवल चौंकाने वाला था, बल्कि किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को भी दर्शाता है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ट्रेन के बेहद करीब खड़े होकर रील बना रहे थे. कुछ सेकंड की दूरी और जरा सी चूक उनकी जान ले सकती थी. हैरानी की बात यह रही कि युवकों के चेहरे पर किसी तरह का डर या हिचकिचाहट नहीं दिखी. वे लगातार वीडियो बनाने में मशगूल रहे, मानो उन्हें खतरे का कोई अंदाजा ही न हो.
ये भी पढ़ें : गुमला: घरेलू गैस के दुरुपयोग पर रोक को लेकर छापेमारी, सभी होटल-प्रतिष्ठानों में नियमों का पालन
सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की होड़
रेलवे ट्रैक और पुल जैसे संवेदनशील स्थानों पर इस तरह की लापरवाही पहले भी कई हादसों का कारण बन चुकी है. हर साल ऐसे मामलों में कई लोगों की जान चली जाती है, बावजूद इसके लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं. सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ ने युवाओं को अपनी जान जोखिम में डालने के लिए मजबूर कर दिया है.
ये भी पढ़ें : गिरिडीह कोर्ट के बाहर प्रेमी जोड़े के परिजनों का हंगामा. जबरन शादी के बाद कोर्ट मैरिज को लेकर विवाद

प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है. जरूरत है कि युवाओं को जागरूक किया जाए और उन्हें समझाया जाए कि कुछ पलों की लोकप्रियता के लिए अपनी जान खतरे में डालना समझदारी नहीं है. प्रशासन और समाज दोनों को मिलकर इस खतरनाक प्रवृत्ति पर लगाम लगाने की आवश्यकता है.
