NEWS DESK: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली एरिया कमांडर रूपी को एनकाउंटर में मार गिराया गया है. यह मुठभेड़ छोटे बेटिया थाना क्षेत्र के जंगल में हुई, जहां सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त गोलीबारी हुई.
खुफिया सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन, मुठभेड़ में ढेर
खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. इसी दौरान नक्सलियों के साथ आमना-सामना हुआ और मुठभेड़ शुरू हो गई. इस कार्रवाई में नक्सली कमांडर रूपी मारा गया. मौके से उसका शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं.
कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है. सुरक्षाबल आसपास के जंगलों में यह पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं अन्य नक्सली छिपे तो नहीं हैं.
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, बीजापुर में मारे गए थे दो नक्सली
इससे पहले मार्च 2026 की शुरुआत में बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी के पास भी नक्सल विरोधी अभियान चलाया गया था. उस दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए थे. तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए थे.
बीजापुर के एसपी जितेंद्र यादव के अनुसार, उस ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए थे. इनमें एसएलआर राइफल, 12 बोर राइफल, आईएनएसए राइफल और विस्फोटक शामिल थे. सुरक्षाबल लगातार नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान चलाकर नक्सल गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं.
