Bokaro: चास नगर निगम वार्ड संख्या-11 स्थित कैलाश नगर में रविवार को ट्रांसफार्मर स्थापना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पूर्व में चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया. लेकिन उक्त जमीन पर जमीन मालिक एवं उनके पड़ोसियों द्वारा ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध किए जाने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ सका.

बिजली संकट के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित
बैठक में उपस्थित प्रदीप शर्मा (पार्षद पति) ने कहा कि क्षेत्र की बिजली समस्या को देखते हुए ट्रांसफार्मर लगाना अत्यंत आवश्यक है. सोमवार को बिजली विभाग के एसी (सहायक अभियंता) से मिलकर प्रशासनिक सहयोग के साथ ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में पहल की जाएगी. वहीं, नंद प्रसाद ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र की बिजली व्यवस्था काफी खराब है. भीषण गर्मी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिजली संकट के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है. जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकाला जाना चाहिए.
वैकल्पिक स्थान का चयन कर वहां ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने एकमत से निर्णय लेते हुए ट्रांसफार्मर स्थापना के लिए वैकल्पिक स्थान का चयन कर वहां ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके. बैठक प्रिया क्लिनिक आवास, कैलाश नगर में संपन्न हुई. बैठक में डॉ. परमानंद, हेमंत एम्बेसडर, अभय तिवारी, के. एन. सिंह, रामभजन सिंह, उमेश, बलराम, श्यामानंद राय, पुनीत कुमार, चंद्रिका राम, सीताराम, प्रदीप कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: रांची: सहजानंद परिसर में उमड़ा जनसेवा का कारवां, नि:शुल्क नेत्र शिविर में 80 लोगों की आंखों की हुई जांच
