मासूम के साथ दरिंदगी मामले की सुध लेने छह दिनों बाद विष्णुगढ़ पहुंचे मंत्री राधा कृष्ण किशोर

Hazaribagh: विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में एक बारह वर्षीय मासूम बच्ची की नृशंस तरीके से हत्या कर देने की घटना के बाद से...

Hazaribagh: विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में एक बारह वर्षीय मासूम बच्ची की नृशंस तरीके से हत्या कर देने की घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है. घटना के बाद से हीं विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के पीड़ित परिवार के घर पहुंचने का सिलसिला बदस्तूर जारी है. लेकिन कार्रवाई लंबित है. इसी कड़ी में सोमवार को झारखंड सरकार के संसदीय कार्य मंत्री एवं वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर विष्णुगढ़ पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. वित्त मंत्री ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से लंबी बातचीत कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने पीड़ित परिवार की समस्या उनकी जरूरतों एवं उनकी मानसिक स्थिति को समझने का प्रयास किया.

ये भी पढ़ें : पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के नेतृत्व में काला बिल्ला लगाकर हजारीबाग DC और SP का किया गया पुतला दहन

सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी : राधाकृष्ण किशोर

मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने पीड़ित परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और जरूरत की हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की कि गयी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को दी जा रही सहायता की जानकारी ली. उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजनाथ प्रसाद, विष्णुगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी अखिलेश कुमारएवं अंचल अधिकारी नित्यानंद दास को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सभी लाभ तत्काल उपलब्ध कराए जाएं. उन्होंने हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह से दूरभाष पर बातचीत कर इस मामले में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश

वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए विष्णुगढ़ एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद को दिशा निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि उनके बीच डर का माहौल समाप्त हो सके. कहा कि डर का माहौल खत्म होने पर पीड़ित परिवार जांच में खुलकर पुलिस प्रशासन को सहयोग करेगा, जिससे मामले के शीघ्र उद्भेदन में सहायता मिलेगी. इसके अलावे मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने विष्णुगढ़ अंचल अधिकारी नित्यानंद दास एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अखिलेश कुमार को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार के मानसिक तनाव को देखते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए.

ये भी पढ़ें : कुसुंबा की ‘निर्भया’ को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरी भाजपा, 3 अप्रैल को ‘झारखंड बंद’ का ऐलान

मंत्री ने एक लाख रुपये की सहायता राशि दी

मंत्री ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपने विवेकाधीन कोष से एक लाख रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की. इधर इस गंभीर घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठ रही है. पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपनी जांच तेज कर दी है. इस मौके पर मुख्य रूप से विष्णुगढ़ कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अब्बास अंसारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र मिश्र, विशेश्वर प्रसाद स्वर्णकार, रामजन्म राय, गुरु प्रसाद साव, हीरामन महतो समेत काफी संख्या पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *