Ranchi: बोकारो से लापता युवती की मां की ओर से दाखिल हैबियस कॉर्पस याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. गुरुवार की सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार से यह जानकारी मांगी है कि सीबीआई जांच से उन्हें आपत्ति तो नहीं है. अब अदालत अगले गुरुवार को इस मामले में सुनवाई करेगी.
पिछली सुनवाई में दी गई थी जानकारी
पिछली सुनवाई में पुलिस और सीआईडी की ओर से यह जानकारी दी गई कि लापता युवती के सोशल मीडिया अकाउंट से ज्यादा जानकारी नहीं मिली है और जानकारी लेने के लिए मेटा से संपर्क करना पड़ेगा, जिसके बाद अदालत ने मौखिक रूप से कहा कि इन परिस्थितियों में कोर्ट मामले को सीबीआई को सौंप सकती है.
खंडपीठ में हुई सुनवाई
झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस एसएन प्रसाद और जस्टिस संजय प्रसाद की खंडपीठ में इस मामले की सुनवाई हुई. इस संबंध में युवती की मां रेखा देवी की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है.
लंबे समय से लापता है युवती
युवती लंबे समय से गायब है. इसको लेकर बोकारो के पिंडरोजारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, लेकिन अभी तक युवती को बरामद नहीं किया गया है.
