Ranchi: विधायक जयराम महतो ने छात्र आंदोलन को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है. सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्होंने राज्यव्यापी छात्र जागरण पदयात्रा निकालने का फैसला किया है. इस अभियान की शुरुआत 24 अगस्त यानी कल नेमरा से की जाएगी. जयराम महतो ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के अधिकारों की रक्षा और उनकी मांगों को मनवाने के लिए यह आंदोलन अब बड़े स्तर पर लड़ा जाएगा.

सरकार की नीतियों पर जयराम महतो ने उठाए सवाल
विधायक जयराम महतो ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं और तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और युवाओं के प्रति उसका रवैया बेहद गलत है. विधायक जयराम महतो ने कहा कि राज्य में आंदोलन की पूरी तैयारी की जा चुकी है. अब छात्र चुप नहीं बैठेंगे. सरकार युवाओं की जायज मांगों को अनसुना कर रही है, जिसके कारण हमें सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.
छात्रों की मांगों को लेकर सड़क पर उतरने का ऐलान
यह छात्र जागरण पदयात्रा 24 अगस्त को नेमरा से शुरू होकर झारखंड के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से गुजरेगी. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पूरे राज्य के छात्रों, युवाओं और उनके परिवारों को एकजुट करना है. पदयात्रा के माध्यम से गांव-गांव और शहर-शहर जाकर छात्रों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों, रोजगार के अवसरों और स्थानीय नीति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा.
गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचेगी छात्र जागरण पदयात्रा
जयराम महतो ने राज्य के समस्त छात्र संगठन, युवाओं और आम जनता से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से संदेश जारी करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि झारखंड के हर उस युवा की है जो अपने हक के लिए संघर्ष कर रहा है. उन्होंने सभी से एकजुट होकर इस पदयात्रा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया है.

