रांची: रामनवमी को लेकर रांची नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. शहर को साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. शहर के मंदिरों और जुलूस मार्गों पर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चल रहा है. सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है और मशीनों से धूल-गंदगी हटाई जा रही है. जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं, वहीं तपोवन मंदिर के पास नाले की भी खास सफाई कराई गई है, ताकि माहौल साफ-सुथरा बना रहे.
10 रूटों पर चलाई जाएगी बस सेवा
श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 27 मार्च को जुलूस के बाद 10 रूटों पर मुफ्त सिटी बस सेवा चलाई जाएगी. जरूरत पड़ने पर 5 अतिरिक्त बसें भी तैयार रहेंगी. इस सुविधा में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखा जाएगा. रात के समय भी रोशनी की कोई कमी न हो, इसके लिए पूरे शहर में अतिरिक्त लाइटिंग लगाई जा रही है. कई जगह जनरेटर लगाए गए हैं, ताकि बिजली कटने पर भी अंधेरा न हो. साथ ही खराब स्ट्रीट लाइट्स को तेजी से ठीक किया जा रहा है. पेयजल की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है. टैंकरों के जरिए अलग-अलग जगहों पर मुफ्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को गर्मी में राहत मिल सके.
मांस और मछली की बिक्री पर पूरी तरह रहेगी रोक
जुलूस मार्गों को सुरक्षित और आसान बनाने के लिए पेड़ों की टहनियों की कटाई की गई है. साथ ही शहर के कई अहम स्थानों पर चलंत शौचालय लगाए जा रहे हैं. खुले नालों को ढकने और सड़कों के गड्ढों को भरने का काम भी तेजी से चल रहा है. रामनवमी के दिन शहर में मांस और मछली की बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी. इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर भी सख्ती बरती जाएगी.
इतना ही नहीं, किसी भी समस्या के तुरंत समाधान के लिए नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू रहेगा. लोग हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर कॉल कर सहायता ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: गुमला का कोनबीर ग्राम पंचायत बना पूर्णतः बीमित पंचायत, जन भागीदारी और संवेदनशील पहल की प्रेरक कहानी
