रांची: रांची नगर निगम में आज एनयूएलएम (NULM) शाखा की समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रशासक सुशांत गौरव ने की. बैठक में आश्रय गृह, वेंडिंग जोन, स्ट्रीट वेंडर्स, स्वयं सहायता समूह और मुख्यमंत्री श्रमिक योजना से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की गई और कई अहम निर्देश जारी किए गए.
गर्मी से राहत के लिए शहर में बनेगा “सराय”
आगामी भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर “सराय” बनाने का निर्देश दिया गया है. यहां राहगीरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था और छायादार बैठने की सुविधा होगी. इसका उद्देश्य आम लोगों को गर्मी से राहत देना है.
वेंडिंग जोन होंगे व्यवस्थित, सड़क पर दुकान लगाई तो रद्द होगा आवंटन
स्ट्रीट वेंडर्स को सुव्यवस्थित करने के लिए नए वेंडिंग जोन जल्द विकसित किए जाएंगे और एनओसी प्रक्रिया शुरू की जाएगी. साथ ही नागाबाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट, डिस्टलरी पुल वेंडर मार्केट और मोराबादी वेंडिंग जोन-2 के आवंटित दुकानदारों को साफ चेतावनी दी गई है, कि वे सड़क पर दुकान न लगाएं. उल्लंघन मिलने पर आवंटन रद्द कर दंडात्मक कार्रवाई होगी.
आश्रय गृहों की सफाई और जर्जर भवन हटेंगे
नगर निगम क्षेत्र के सभी आश्रय गृहों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया है, जो आश्रय गृह जर्जर हैं, उन्हें हटाया जाएगा. साथ ही ठंड से पहले अस्थायी आश्रय गृह बनाने के लिए अभी से स्थान चिन्हित करने को कहा गया है.
सरकारी भवनों से हटेगा अवैध कब्जा
नगर क्षेत्र में जिन सरकारी भवनों पर अवैध कब्जा है, उन्हें चिन्हित कर तुरंत खाली कराने का आदेश दिया गया है. खाली कराए गए भवनों का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाएगा.
श्रमिक योजना में 100% सत्यापन का लक्ष्य
मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत नए श्रमिक कार्ड बनाए जाएंगे और पुराने कार्डों का 2025-26 के अंत तक शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा. पात्र श्रमिकों को निगम की हॉर्टिकल्चर, जलापूर्ति और स्वच्छता शाखा से जोड़कर नियमित काम देने की योजना बनाई जाएगी.
यह भी पढ़ें: अवैध बैनर के खिलाफ रांची नगर निगम की कार्रवाई, 12 संस्थानों पर लगाया 25-25 हजार का जुर्माना
