Hazaribagh: उत्तरी रेलवे के लखनऊ मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग एवं ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक के कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है. रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पुरी-आनंद विहार टर्मिनल नीलांचल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के बजाय वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा. इस दौरान कुछ प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव भी अस्थायी रूप से समाप्त रहेगा.
नीलांचल एक्सप्रेस का मार्ग बदला
गाड़ी संख्या 12875 पुरी-आनंद विहार टर्मिनल नीलांचल एक्सप्रेस 23, 26, 28 एवं 30 जून 2026 को वाराणसी-जफराबाद-सुलतानपुर-लखनऊ मार्ग से चलेगी. इस दौरान भदोही, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, अमेठी, गौरीगंज तथा रायबरेली स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा.
कोलकाता-ऋषिकेश स्पेशल प्रभावित
गाड़ी संख्या 04311 कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल 28 जून 2026 को वाराणसी-सुलतानपुर-उतरेटिया मार्ग से संचालित होगी. इस दौरान भदोही, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ और रायबरेली स्टेशनों पर ट्रेन नहीं रुकेगी. वहीं सुलतानपुर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव प्रदान किया जाएगा. इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04312 योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल 26 जून 2026 को उतरेटिया-सुलतानपुर-जफराबाद-वाराणसी मार्ग से चलेगी. इस दौरान रायबरेली, भदोही तथा मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ स्टेशनों पर इसका ठहराव स्थगित रहेगा, जबकि सुलतानपुर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा.
त्रिवेणी एक्सप्रेस के मार्ग में भी बदलाव
गाड़ी संख्या 15075 शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस तथा 15073 सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस को 14 जून से 23 जून 2026 तक उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर मार्ग से संचालित किया जाएगा. वहीं गाड़ी संख्या 15074 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस तथा 15076 टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस 14 जून से 23 जून 2026 तक आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया मार्ग से चलेंगी.
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति, मार्ग और ठहराव संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या निकटतम रेलवे स्टेशन से प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. यह जानकारी वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी, धनबाद मंडल मनीष सौरभ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है.
यह भी पढ़ें: आजसू पार्टी चंदनकियारी प्रखंड महिला कमिटी का गठन, 22 जून को धनबाद चलने का किया गया आह्वान



