pakud : जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के रामघाटी गांव में मनोज भगत के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चोरी के जेवरात खरीदने वाले एक ज्वेलरी दुकानदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुरारोई थाना क्षेत्र स्थित बोहरागाछी निवासी के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के जेवरात खरीदकर उन्हें गलाता था और फिर नए आभूषण बनाकर बाजार में बेच देता था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसकी दुकान से चोरी के सामान से तैयार किए गए चांदी के कई आभूषण बरामद किए. बरामद सामान में एक जोड़ी चांदी की चूड़ी सहित अन्य चांदी के जेवर शामिल हैं.
चोरी के सामान की अवैध लेन-देन करने वालों के खिलाफ अभियान
इसके अलावा पुलिस ने चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 50 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच के दौरान चोरी के सामान की खरीद-बिक्री के पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके. यह कार्रवाई पाकुड़िया थाना कांड संख्या 28/26 के तहत की गई है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि इस मामले में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी के सामान की अवैध लेन-देन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.



