पलामू: जिले के हुसैनाबाद में चाय दुकानदार से पांच हजार रुपये रंगदारी मांगने और मारपीट करने के कथित मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है. हुसैनाबाद विधानसभा के पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि हुसैनाबाद थाना में पदस्थापित एसआई नर्वदेश्वर सिंह पर लगे आरोप पुलिस व्यवस्था की छवि को धूमिल करने वाले हैं. ऐसे में पलामू पुलिस अधीक्षक से मांग की गई है, कि संबंधित एसआई को तत्काल निलंबित करते हुए उनके खिलाफ जांचपरान्त सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
पूर्व में भी आया था ऐसा मामला
पूर्व विधायक ने कहा कि जिस पुलिस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है, यदि वही इस तरह के कृत्य में शामिल हो, तो आम जनता का भरोसा किस पर रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी एसआई पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा जोरदार आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी. विधायक ने कहा की पूर्व में भी ऐसा मामला बंसी बीघा नहर मोड़ के पास से इनके खिलाफ आया था, लेकिन उस समय भी कार्रवाई नहीं हुई.
यह भी पढ़ें: पलामू : बसौरा फार्म में विकसित हो रहा मल्टीलेयर फार्मिंग मॉडल, उपायुक्त ने निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
