Palamu: पलामू जिला के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर तेज बारिश के साथ हुए वज्रपात ने कहर बरपा दिया. अलग-अलग स्थानों पर हुई दो घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए. सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.


पहली घटना मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गाजी बिहरा गांव की है. बताया गया कि खेत में धान रोपनी कर रही महिलाओं के पास अचानक वज्रपात हो गया. इसकी चपेट में आने से 38 वर्षीय पुष्पा देवी की मौत हो गई. वहीं कविता देवी 28 वर्ष और पार्वती देवी 65 वर्ष घायल हो गईं. तीनों गाजी बिहरा गांव की निवासी हैं.दूसरी घटना हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर के समीप हुई.

पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंचे वज्रपात चपेट में आए दोनों
बिलासपुर निवासी 45 वर्षीय सीताराम पासवान खेत में काम कर रहे थे. तभी बारिश शुरू हो गया, उसी जगह पास में भेड़ चरा रहे रघुनाथ पाल निवासी सरगड़ा भी बारिश आने पर पास स्थित पीपल के पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंचे. तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और दोनों इसकी चपेट में आ गए. आसपास के लोगों ने दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

ALSO READ : शिबू सोरेन के जीवन पर होगा शोध, छह महीने में तैयार होगी ‘झारखंड आंदोलनकारियों की नजर में गुरुजी’ पुस्तक

