Palamu: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धावाडीह गांव में बुधवार को वर्षों पुराने भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई झड़प में धारदार हथियारों और लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए. प्रथम पक्ष से अशोक यादव और बिंदेश्वरी यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित MMCH में भर्ती कराया गया है. वहीं, दूसरे पक्ष से सेठा यादव और पुष्पा कुमारी भी घायल हुए हैं. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर विवादित भूमि पर अवैध निर्माण का प्रयास करने और हमला करने का आरोप लगाया है.
पुलिस ने हथियार जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झड़प में इस्तेमाल किए गए हथियारों को जब्त कर लिया है. दोनों पक्षों से लिखित आवेदन लेकर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है.स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह भूमि विवाद वर्ष 2018 से न्यायालय में विचाराधीन है. इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच यह हिंसक घटना सामने आई.

ALSO READ: पटना- चर्लपल्ली- पटना स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का किया जाएगा विस्तार


