Giridih: जमुआ थाना क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड का गिरिडीह पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई रकम का हिस्सा, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं. पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है.
ग्राहक बनकर पहुंचे थे अपराधी
जानकारी के अनुसार, घटना 12 मई 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे जमुआ चौक स्थित वंशी साव की दुकान सह मकान में हुई थी. बताया गया कि दो युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे और चावल खरीदने की बात कहकर दुकान खुलवाई.

इसके बाद दोनों अपराधी घर के अंदर घुस गए और मारपीट करते हुए परिवार को डराया-धमकाया. अपराधियों ने घर में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद और एक सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित द्वारा जमुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर जमुआ थाना कांड संख्या 130/2026 दर्ज किया गया.
ALSO READ: हजारीबाग में विकास की ‘बलि’ चढ़ती जनता; गड्ढों में तब्दील हुई ‘लाइफलाइन’!
तकनीकी जांच के आधार पर तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया. इसी क्रम में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.
गिरफ्तार अपराधियों में जमुआ थाना क्षेत्र के मिरजागंज निवासी बिनोद कुमार साव (35 वर्ष), कोडरमा जिले के पचम्बो निवासी गुड्डु कुमार लहरी (28 वर्ष) तथा तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी निवासी नन्दकिशोर रविदास उर्फ मन्टु (31 वर्ष) शामिल हैं.
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल 11,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक पल्सर मोटरसाइकिल (JH11AM 5501) और एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (JH11AE 4661) बरामद की है.
इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास, जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, एसआई रोहित कुमार सिंह, हिरोडीह थाना प्रभारी महेश चन्द्रा, तिसरी थाना प्रभारी शम्भु नन्द ईश्वर, सअनि वेद प्रकाश पाण्डेय, सअनि सुमित कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी आपराधिक घटना में शामिल अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा.
