Ramgarh: रामगढ़, रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम को आपराधिक गिरोहों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी शिवराज राम उर्फ शिवा डोम को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही, उसकी निशानदेही पर उसके एक अन्य सहयोगी आरिज आलम उर्फ टिंकल को भी भारी मात्रा में अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ पकड़ा गया है. सोमवार को एसपी मुकेश लुनायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी.
यह भी पढ़ें: पदक विजेता खिलाड़ियों को सब्जी बेचने की नौबत न आए, डेटाबेस तैयार कर प्रोत्साहन राशि देने की योजना बनाएं : हेमंत सोरेन

गुप्त सूचना के बाद मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल हुआ शिवा डोम
एसपी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस को भुरकुंडा निवासी अपराधी शिवराज राम उर्फ शिवा डोम की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं. इसी क्रम में धनबाद पुलिस के माध्यम से सूचना मिली कि शिवा डोम किसी बड़ी अप्रिय घटना को अंजाम देने के फिराक में है. सूचना के सत्यापन के बाद के लिए रामगढ़, रांची एवं धनबाद पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. टीम ने सयाल (थाना- पतरातु/भुरकुंडा) से शिवा डोम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान शिवा डोम ने स्वीकार किया कि वह अपराधी सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के इशारे पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार खरीद कर लाया था. जब पुलिस टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तब उसने पुलिस को चकमा देकर जान से मारने की नीयत से छुपाकर रखी पिस्टल से फायरिंग कर दी. आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा चलाई गई गोली अपराधी शिवा डोम के पैर में लगी, जिसके बाद उसे नियंत्रित कर लिया गया. घायल अपराधी को पहले भुरकुंडा अस्पताल, फिर सदर अस्पताल रामगढ़ और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है. शिवा के पास से दो देशी पिस्टल, चार मैगजीन, 61 जिंदा कारतूस, पिस्टल का होलेस्टर और दो मोबाइल बरामद किया गया. शिवा डोम का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह पूर्व में श्रीवास्तव गिरोह और राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य रह चुका है और कई बार जेल जा चुका है. उसके खिलाफ पतरातू, बड़कागांव और लोहसिंघा थानों में आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें: रिम्स में प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ डॉक्टरों को मिली नई जिम्मेदारी
शिवा डोम की निशानदेही पर सहयोगी ‘टिंकल’ गिरफ्तार, मुर्गियों के दड़बे में छुपाए थे हथियार
शिवा डोम की गिरफ्तारी और उससे मिली जानकारी के आधार पर कुज्जू ओपी प्रभारी द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई. पुलिस ने मांडू (कुज्जू) थाना क्षेत्र के तोपा बी-टाईप क्वार्टर से अपराधी आरिज आलम उर्फ टिंकल (उम्र करीब 26 वर्ष) को गिरफ्तार किया. जब पुलिस ने आरिज आलम उर्फ टिंकल के घर की तलाशी ली, तो उसके घर के पास स्थित एक कमरे में, जहां मुर्गी पालन होता है, छुपाकर रखे गए अवैध हथियार बरामद हुए. पूछताछ में आरिज ने बताया कि बरामद हथियार और गोलियां उसने भुरकुंडा निवासी शिवा डोम (जो सुजीत सिन्हा, राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के लिए काम करता है) के कहने पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए उपलब्ध कराने के वास्ते छुपाकर रखी थी.


