रांची: महावीर चौक, अपर बाजार स्थित श्री दुर्गा मंदिर ट्रस्ट में वित्तीय अनियमितताओं और पदाधिकारियों को धमकी देने के गंभीर आरोप सामने आए हैं. ट्रस्ट की वर्तमान समिति ने सचिव निशांत कुमार सिन्हा पर ट्रस्ट के दस्तावेज गायब करने, आय का गबन करने, अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है.

आय-व्यय का ब्योरा और मूल दस्तावेज उपलब्ध नहीं
कोतवाली थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, ट्रस्ट झारखंड राज्य हिन्दु धार्मिक न्यास बोर्ड में पंजीकृत है और 5 अगस्त 2024 को अधिनियम के प्रावधानों के तहत 11 सदस्यीय नई समिति का गठन किया गया था. समिति का आरोप है कि सचिव ने भवन बुकिंग और अतिक्रमित दुकानदारों से वसूले गए किराये में हेराफेरी कर करीब 8,25,000 रुपये का गबन किया. साथ ही 2019 से 2024 तक ट्रस्ट का संचालन मनमाने ढंग से करते हुए आय-व्यय का ब्योरा और मूल दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए.
राशि संग्रह को लेकर भी विवाद
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बिजली बिल का भुगतान न करने से बकाया बढ़ा, न्यास बोर्ड को अंशदान नियमित रूप से नहीं दिया गया और कई मौकों पर बिना समिति की अनुमति दुकानों/स्टॉल की बुकिंग कर राशि ली गई. 2025 की दुर्गा पूजा के लिए किरायेदारों से राशि संग्रह को लेकर भी विवाद हुआ. फरवरी 2026 में ताले-चाबी के मुद्दे पर पुलिस की मौजूदगी में कथित गाली-गलौज का भी उल्लेख किया गया है. वर्तमान समिति ने आरोपों से जुड़े दस्तावेज व वाउचर संलग्न कर संबंधित प्राधिकारों से जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

