रांची: नगर निगम चुनावों की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है. प्रशासन की ओर से मतगणना केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा तैनात की गई है, जिसमें पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी भी निगरानी कर रहे हैं.मतगणना स्थल के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और केवल अधिकृत कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 1, 2, 7, 8, 13, 14, 19, 20, 25, 26, 31, 32, 37, 38, 39, 43, 48 और 49 के लिए पहले राउंड की मतगणना जारी है. शुरुआती रुझानों को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता देखी जा रही है. मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ मौजूद है, हालांकि प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ निर्धारित नियमों के तहत संचालित की जा रही है.प्रत्येक टेबल पर मतगणना कर्मियों के साथ प्रत्याशियों के एजेंट भी मौजूद हैं, ताकि प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी रहे. सुरक्षा और निगरानी के बीच चरणबद्ध तरीके से परिणाम घोषित किए जाएंगे.


