रांची: राजधानी के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटोस रेस्टोरेंट में हुई सनसनीखेज गोलीबारी और हत्याकांड मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के दो बेहद करीबी गुर्गों, अमन सिंह उर्फ कुबेर और अफजल अमन उर्फ बाबर, को पुलिस ने सोमवार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

धनबाद मुठभेड़ में हुए थे गिरफ्तार:
इन अपराधियों की गिरफ्तारी 16 मार्च को धनबाद के भागाबांध इलाके में हुई थी. रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच तीखी मुठभेड़ हुई थी, जिसमें तीन अपराधी घायल हुए थे. इनमें शामिल थे,अमन सिंह उर्फ कुबेर, अफजल अमन उर्फ बाबर और विक्की डोम.
अस्पताल से सीधे जेल तक का सफर:
मुठभेड़ के बाद घायल अपराधियों का इलाज धनबाद के SNMMCH अस्पताल में चल रहा था. रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही रांची की एयरपोर्ट थाना पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी की और कड़े सुरक्षा घेरे में कुबेर और बाबर को रांची लेकर आई. सोमवार को कई घंटों की पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया वहीं, तीसरे आरोपी विक्की डोम को धनबाद पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा है. पुलिस के द्वारा पकड़े गए दोनों अपराधियों को जल्द ही रिमांड पर लिया जाएगा. रिमांड के दौरान टीटोस रेस्टोरेंट गोलीकांड के पीछे की पूरी साजिश और प्रिंस खान के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी.

