Ranchi: चैती छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी है. इसी क्रम में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शहर के कई तालाबों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान बड़ा तालाब (विवेकानंद सरोवर), तेतरटोली तालाब और दिव्यायन तालाब का जायजा लिया गया. नगर आयुक्त ने साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखा और पूजा समितियों से भी बातचीत कर उनकी जरूरतों को समझा.

ये भी पढ़ें : सरायकेला में धूमधाम से मना सरहुल महोत्सव, अर्जुन मुंडा समेत कई नेता शामिल
बचे हुए काम करें जल्द पूरा : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्देश दिया कि सभी बचे हुए काम जल्द से जल्द पूरे किए जाएं, ताकि छठ पूजा के दौरान लोगों को कोई परेशानी न हो और वे साफ-सुथरे व सुरक्षित माहौल में पूजा कर सकें. बड़ा तालाब में सफाई व्यवस्था ठीक पाई गई, लेकिन इसे लगातार जारी रखने को कहा गया. साथ ही घाटों पर गहरे पानी में बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और अच्छी रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. आसपास के रास्तों की सफाई और पानी का छिड़काव भी सुनिश्चित करने को कहा गया. साथ ही अवैध निर्माण और गोदामों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए.

1200 सफाई कर्मी को लगाया गया
तेतरटोली तालाब में भी सफाई संतोषजनक रही. यहां तालाब की गहराई को देखते हुए बैरिकेडिंग और लाल रिबन लगाने को कहा गया. साथ ही लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया कि पूजा सामग्री विसर्जन कुंड में ही डालें. दिव्यायन तालाब में सुंदरता बढ़ाने के लिए पौधारोपण करने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने और नाली व पाथवे के काम को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया. नगर आयुक्त ने कहा कि छठ के दौरान सभी घाटों को साफ, सुरक्षित और रोशनी से भरपूर बनाना नगर निगम का लक्ष्य है. इसके लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है. छठ पूजा की तैयारियों के तहत शहर के 26 तालाबों में 98 चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं. करीब 1200 सफाई कर्मी सफाई अभियान में लगे हैं और सभी घाटों की लाइटों को ठीक किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें : सरायकेला : डीसी ने राजस्व को लेकर की समीक्षा बैठक, राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश

