Ranchi: रामनवमी और चैती दुर्गा विसर्जन को लेकर तैयारी चरम पर है. रामनवमी और चैती दुर्गा विसर्जन को लेकर रांची शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है. 26 और 27 मार्च को रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा, जबकि 28 मार्च को चैती दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम होगा. इस दौरान शहर में कई जगहों पर वाहनों के आवागमन पर रोक और रूट डायवर्जन रहेगा.

26 मार्च को किया गया ये बदलाव
26 मार्च की शाम 4 बजे से 27 मार्च सुबह 6 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा. ऐसे वाहन रिंग रोड से होकर जाएंगे. वहीं छोटे मालवाहक वाहनों का परिचालन शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक बंद रहेगा.
ये भी पढ़ें : पीएम मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित है देश, झामुमो विकास पर दे ध्यान : प्रदीप वर्मा
इन इलाकों में अन्य वाहनों के परिचालन पर रोक
इसके अलावा किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर, शहीद चौक और सुजाता चौक जैसे इलाकों में ऑटो, टोटो, बस और अन्य वाहनों का परिचालन भी रोक दिया जाएगा.
27 मार्च को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था
27 मार्च को सुबह 8 बजे से 28 मार्च सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक छोटे मालवाहक वाहन और ऑटो-टोटो भी शहर में नहीं चलेंगे. दोपहर 1 बजे से शोभायात्रा खत्म होने तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इनमें किशोरी यादव चौक से महावीर मंदिर, शहीद चौक, सुभाष चौक, कचहरी चौक, जेल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, प्लाजा चौक, पुरुलिया रोड, मेन रोड, चुटिया बाजार, सुजाता चौक और रातु रोड जैसे इलाके शामिल हैं. इन रास्तों पर जरूरत के अनुसार रूट डायवर्ट भी किया जाएगा.
28 मार्च को विसर्जन के दिन व्यवस्था
28 मार्च को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. सभी बड़े वाहन रिंग रोड से ही गुजरेंगे. वहीं विसर्जन के दौरान संबंधित रूटों पर ट्रैफिक को जरूरत के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा.
ये भी पढ़ें : रांची : चैती छठ की तैयारी तेज, नगर आयुक्त ने तालाबों का किया निरीक्षण
प्रशासन की आमलोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तय नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी को परेशानी न हो.

