Gumla: जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला वास्तविक मामला सामने आया है, जो फिल्मी पटकथा से भी कहीं आगे निकल चुका है. यहां एक शख्स ने दो नहीं, बल्कि तीन महिलाओं को अपनी जालसाजी का शिकार बनाया. झूठ, फरेब और शहर बदलते रिश्तों का यह ड्रामा आखिरकार गुमला के एक थाने तक पहुंच गया है, जहां पहली और तीसरी पत्नी अपने लिए न्याय की गुहार लगा रही हैं.
2017 से शुरू हुआ फरेब का यह खेल
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान गुमला जिले के घटगांव सतपारा घट्ठा निवासी कैलाश भगत के रूप में हुई है. कैलाश की पहली शादी वर्ष 2017 में कोलपारा घट्ठा की रहने वाली शिमला देवी से हुई थी. दोनों की शादीशुदा जिंदगी ठीक चल रही थी और उनके तीन बच्चे भी हुए. लेकिन कैलाश के मन में कुछ और ही चल रहा था. वर्ष 2019 में उसने पहली पत्नी को धोखे में रखकर सरगांव की अनिमा देवी नाम की महिला से संबंध बनाए. उसने अनिमा को अपनी दूसरी पत्नी बनाया और उसे गुमला में ही एक किराये के मकान में रखने लगा. पहली पत्नी शिमला को इस दूसरी शादी की भनक तक नहीं लगी.

फेसबुक पर फंसाई तीसरी शिकार, पहली पत्नी को बताया भाभी
कैलाश का झूठ यहीं नहीं रुका. इसके बाद उसने सोशल मीडिया का सहारा लिया. फेसबुक और फोन के जरिए उसकी बातचीत कोयनारा बड़काटोली की रहने वाली सुकरमुनि कुमारी से शुरू हुई. सुकरमुनि को अपने जाल में फंसाने के लिए कैलाश ने खुद को कुंवारा बताया. उसने दावा किया कि उसकी कोई पत्नी या परिवार नहीं है. शातिर कैलाश के झूठ का आलम यह था कि जब वह सुकरमुनि के साथ होता और उसकी पहली पत्नी शिमला का फोन आता, तो वह सुकरमुनि के सामने शिमला को अपनी भाभी बताकर बात टाल देता था. सुकरमुनि ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया और वह भी उसके झांसे में आ गई. फिलहाल, तीसरी पत्नी (सुकरमुनि) चार माह की गर्भवती है.
गोवा तक पहुंचा ड्रामा, बस स्टैंड पर छोड़ हुआ फरार
झूठ की बुनियाद पर खड़ा यह महल तब ढह गया जब तीसरी पत्नी सुकरमुनि को शक हुआ और उसने किसी तरह पहली पत्नी शिमला से संपर्क किया. जब दोनों महिलाओं के बीच बातचीत हुई, तो कैलाश के काले कारनामों का कच्चा चिट्ठा खुलकर सामने आ गया. मामला बिगड़ता देख कैलाश तीसरी पत्नी सुकरमुनि को लेकर गोवा भाग गया. कुछ समय बाद उसकी दूसरी पत्नी अनिमा भी वहां पहुंच गई. गोवा में तीनों के बीच जमकर विवाद हुआ, जिसके बाद वहां की स्थानीय पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा. हालांकि, गोवा पुलिस के समझाने के बाद भी मामला नहीं सुलझा. कुछ दिनों पहले कैलाश दोनों महिलाओं (दूसरी और तीसरी पत्नी) को लेकर वापस गुमला लौटा, लेकिन यहां आकर उसने बेहद अमानवीय कदम उठाया. उसने गर्भवती तीसरी पत्नी (सुकरमुनि) को गुमला बस स्टैंड पर लावारिस हालत में छोड़ दिया और दूसरी पत्नी अनिमा को साथ लेकर वहां से फरार हो गया. इतना ही नहीं, उसने तीसरी पत्नी का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया ताकि वह उससे संपर्क न कर सके.
पीड़ित पत्नियां पहुंचीं थाना, पुलिस जांच में जुटी
धोखे और बेबसी का शिकार हुई पहली पत्नी शिमला देवी और तीसरी पत्नी सुकरमुनि कुमारी अब एकजुट हो गई हैं. दोनों महिलाओं ने गुमला थाने पहुंचकर आरोपी कैलाश भगत के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
ALSO READ : कचरे के ढेर में जिंदगी और मौत से जूझ रहे बिहार के आकाश को डालसा ने दिलाया नया जीवन


