Seraikela: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने 50-ईचागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद कपाली क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 330, 331, 332, 333 और 335, 336, 337, 338, 339 तथा 340 के मतदाताओं के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण का सत्यापन किया साथ ही अभियान के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.
डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि अभियान के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत वितरण, समयबद्ध संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही डाटा की शुद्धता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा नियमित अनुश्रवण पर विशेष बल दिया.

लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर
उन्होंने संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), BLO सुपरवाइजर एवं BLO को क्षेत्रवार प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं BLO सुपरवाइजर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
‘पूर्ण उत्तरदायित्वऔर समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें’
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को पूर्ण उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अभियान के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए.
आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि सभी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में सम्मिलित होने से वंचित न रहे. निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद कपाली, नगर प्रबंधक, BLO सुपरवाइजर एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.


