Saraikela : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह ने गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में स्थापित प्रखंड स्तरीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों का नियमित अनुश्रवण, समयबद्ध निष्पादन तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
पात्र मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने के निर्देश
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा प्रपत्रों का संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए. साथ ही डाटा की शुद्धता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया. निरीक्षण के उपरांत जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के सदस्यों के साथ जागरूकता बैठक की. बैठक के दौरान सदस्यों के बीच गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित समय-सीमा की जानकारी दी गई.

अधिकारियों ने RWA से मांगा सहयोग
उन्होंने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों से अपने परिवार एवं आसपास के सभी पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित BLO को निर्धारित अवधि के भीतर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का इस अभियान में सहयोग अपेक्षित है. निरीक्षण एवं बैठक के दौरान संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), BLO सुपरवाइजर तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के सदस्य उपस्थित थे.
Also Read : जंतर-मंतर के छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरी आइसा झारखंड, NTA और क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ प्रदर्शन


