Jamtara: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. सदर अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में लोग सर्दी-खांसी, वायरल बुखार और अन्य मौसमी संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं. वहीं, बारिश के कारण सर्पदंश के मामले भी सामने आ रहे हैं. सदर अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. दुर्गेश झा ने बताया कि अस्पताल में रोजाना औसतन 40 मरीज सर्दी-खांसी, वायरल बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों का इलाज कराने पहुंच रहे हैं. उन्होंने लोगों से बारिश के मौसम में सावधानी बरतने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय पर डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की.

सर्पदंश से बचाव को लेकर सावधानी की अपील
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सदर अस्पताल में सर्पदंश के इलाज के लिए पर्याप्त मात्रा में एंटी वेनम उपलब्ध है. विभाग ने लोगों से जलजमाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और घर के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की है. रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें. पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं, ताकि समय पर इलाज शुरू किया जा सके.

