Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य पूरी गति से चल रहा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने आज इस प्रक्रिया की प्रगति साझा करते हुए जानकारी दी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग विगत SIR की मतदाता सूची से हो चुकी है, उन्हें किसी भी अन्य दस्तावेज को जमा करने की आवश्यकता नहीं है.
66% से अधिक मतदाताओं तक दस्तक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के पहले 10 दिनों में ही अभूतपूर्व गति देखने को मिली है. बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के आपसी समन्वय से BLO अब तक राज्य के लगभग 66.25% यानी 1,75,31,915 मतदाताओं तक सफलतापूर्वक पहुंच चुके हैं और उन्हें इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराए जा चुके हैं.

17.89 फीसदी मतदाता अभी भी अन-मैप्ड
राज्य में अब तक कुल 82.11% यानि 2,17,27,827 मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है. शेष 17.89% यानी 47,35,409 मतदाता अभी भी अन-मैप्ड की श्रेणी में हैं. निर्वाचन आयोग ने पारदर्शिता बरतते हुए इन अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा कर दी है. इसके अलावा, आम नागरिक भी इस सूची को आधिकारिक वेबसाइट ceo.jharkhand.gov.in पर देख सकते हैं.
मतदाताओं से विशेष अपील
के. रवि कुमार ने मतदाताओं से आग्रह किया है, कि इन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय विगत SIR से अपनी मैपिंग का विवरण अवश्य दर्ज करें. उन्होंने BLO को निर्देश दिया है कि घर-घर जाकर फॉर्म भरने की प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूरा करें, ताकि डिजिटाइजेशन का कार्य समय सीमा के भीतर संपन्न हो सके.
यह भी पढ़ें: बोकारो: SIR-2026 अभियान में इंदु और पुष्पा देवी का जलवा, बनीं BLO of the Day


