Seraikela : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मंगलवार, 30 जून से सरायकेला-खरसावां जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की शुरुआत हो गई. अभियान के पहले दिन जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना (एन्यूमरेशन) का कार्य प्रारंभ किया गया. साथ ही मतदान केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई.
SIR-2026: डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया तेज
इस दौरान झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), BLO सुपरवाइजर, बूथ लेवल वॉलंटियर्स (BLV) तथा मतदाताओं से बातचीत कर एन्यूमरेशन कार्य और तैयारियों का जायजा लिया. साथ ही मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित समयसीमा के संबंध में जानकारी दी. निरीक्षण के दौरान सुबोध कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि फॉर्म का संग्रहण और सत्यापन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ समयबद्ध तरीके से किया जाए. उन्होंने बताया कि SIR-2026 का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकें, आवश्यक संशोधन किए जा सकें तथा मृत, डुप्लीकेट या स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें. निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह एवं गम्हरिया की प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) भी मौजूद रहीं. इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने BLO और BLV के साथ बैठक कर 100 प्रतिशत फॉर्म वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

घर-घर पहुंचा निर्वाचन अभियान, समय पर फॉर्म भरने की अपील
अभियान के पहले दिन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, BLO और BLV घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण करते नजर आए. मतदान केंद्रों पर लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा अपात्र नाम हटाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई. इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई. इस संबंध में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक BLO का सहयोग करें तथा समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर उन्हें वापस जमा करें. उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच ले. किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या होने पर निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि SIR-2026 अभियान के तहत नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, नाम, पता एवं आयु संबंधी त्रुटियों का सुधार किया जाएगा तथा मृत, डुप्लीकेट अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे. प्रशासन ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है.
Also Read : गिरिडीह: जनसभा मामले में पेशी देने कोर्ट पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो, समर्थकों की उमड़ी भीड़


