Gumla: गुमला जिले के सिसई थाना अंतर्गत पिलखी मोड़ निवासी मजदूर सुधेश्वर उरांव की संदिग्ध परिस्थिति में यूपी के कुशीनगर में मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि मजदूर की हत्या की गई है. मृतक की पत्नी अंजनी कुमारी ने मंगलवार को मजदूर संघ के नेता जुम्मन खान से मुलाकात की और न्याय की गुहार लगाई है. मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं.
बकाया मजदूरी मांगने पर की गई पिटाई
बताया जा रहा है, कि मृतक मजदूरी करने यूपी के कुशीनगर गया था. लगभग 8 महीने काम करने के बाद सुधेश्वर उरांव ने बकाया मजदूरी भुगतान की मांग ईंट भट्टे के मालिक रामदुलार मुंशी से की. इस पर मजदूर की बेरहमी से लाठी-डंडे से पिटाई की गई. वहीं, बीच बचाव करने पहुंची पत्नी और बच्चों को रूम में बंद कर दिया गया. पत्नी का आरोप है, कि “पीट-पीटकर मेरे पति की हत्या की गई है. जब हमने शोर किया, तो हमें कहा गया कि आपके पति ने आत्महत्या कर लिया है.”

मजदूर की पत्नी का आरोप यह भी है कि भट्ठा मालिक द्वारा यह बताया गया, कि “मजदूर का शव पेड़ से लटक रहा था. इसके बाद शव को बिना पुलिस की जानकारी के हमें सौंप दिया गया. जब हमने पूरे मामले पर बात करनी चाही, तो ईंट भट्ठा मालिक द्वारा मना कर दिया गया. साथ ही हमें आवाज उठाने पर धमकी भी दी गई.” इधर, पूरे मामले को लेकर मजदूर संघ के नेता जुम्मन खान ने जिला प्रशासन से गुहार लगाते हुए पूरे मामले के जांच के मांग उठाई है. इधर, पूरे मामले को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: रांची के सुनियोजित विकास के लिए महापौर ने केंद्र से मिलाया हाथ, शहरी सुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार


