Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जमशेदपुर की दर्दनाक घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे राज्य के लिए बेहद दुखद और पीड़ादायक है, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक अवसर में बदलने की कोशिश कर रही है.
राकेश सिन्हा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर कसा तंज

राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़ी निंदा करती है और उसकी स्पष्ट मांग है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के तहत कठोरतम सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय भाजपा अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटी है. उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस भाजपा के शासनकाल में मॉब लिंचिंग, सांप्रदायिक दंगे, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और अपराधियों का महिमामंडन देखने को मिला, उसे कानून-व्यवस्था पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.
भाजपा का उद्देश्य न्याय नहीं बल्कि राजनीतिक लाभ लेना है : राकेश सिन्हा
कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य सरकार ने घटना का गंभीर संज्ञान लिया है. पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. उन्होंने दोहराया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन भाजपा का उद्देश्य न्याय नहीं बल्कि लोगों की भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ लेना है.
राकेश सिन्हा ने आदित्य साहू के आरोपों को निराधार बताया
राकेश सिन्हा ने आदित्य साहू द्वारा पुलिस प्रशासन और सरकार पर लगाए गए आरोपों को निराधार और गैर-जिम्मेदाराना बताया. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास पोस्टिंग में सौदेबाजी या अन्य किसी आरोप के सबूत हैं तो उन्हें जांच एजेंसियों के सामने पेश करे, अन्यथा जनता को गुमराह करना बंद करे.
झारखंड बंद और आंदोलन की राजनीति करना बंद करें भाजपा: राकेश सिन्हा
उन्होंने भाजपा पर झारखंड बंद और आंदोलन की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंद और तनाव फैलाने से किसी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता. न्याय केवल कानून और अदालत के माध्यम से ही मिलेगा, राजनीतिक नौटंकी से नहीं. राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि उसके शासनकाल में हुई हजारों अपराध की घटनाओं पर उसके नेता क्यों चुप रहते थे. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी राज्यों की घटनाओं पर राजनीति करती है, जबकि अपने शासित राज्यों में होने वाली घटनाओं पर मौन साध लेती है.
Also Read: जामताड़ा: रिटायर्ड जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार को दी गई विदाई, सेवाकाल की सराहना


