Ranchi: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने राजकीय श्रावणी मेला 2026 में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में तैनात पुलिस पदाधिकारियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए डीजीपी झारखंड को पत्र सौंपा है. एसोसिएशन के महामंत्री संजीव कुमार द्वारा जारी इस पत्र के माध्यम से पुलिसकर्मियों के मनोबल को ऊंचा बनाए रखने के लिए प्रमुख मांगें रखी गई हैं.

पत्र में शामिल मुख्य मांगें
– सुसेवांक पुरस्कार: देवघर, दुमका और रेल धनबाद जिला में श्रावणी मेला ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट और निष्ठावान सेवा देने वाले प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सुसेवांक’ प्रदान किया जाए
– 5 दिनों का अनुमति अवकाश: कठिन और तनावपूर्ण परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी करने के कारण जवानों और अधिकारियों के मानसिक एवं शारीरिक विश्राम के लिए 5 दिनों का अनुमति अवकाश स्वीकृत किया जाए.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह: न सड़क, न पुल, मरीज को खाट पर ढोने की मजबूरी, बीमार महिला को खाट पर ले गए ग्रामीण
– भादो एवं अढैया मेला ड्यूटी से छूट: श्रावणी मेला ड्यूटी में तैनात रहे पुलिसकर्मियों को आगामी भादो और अढैया मेला 2026 की ड्यूटी से वंचित (मुक्त) रखते हुए, उनके स्थान पर नए पुलिसकर्मियों (प्रतिस्थानी) की प्रतिनियुक्ति की जाए.
– झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने पत्र में उल्लेख किया है कि श्रावणी मेला ड्यूटी अत्यंत महत्वपूर्ण और कठिन होती है, जिसे जवानों ने पूरी लगन, मेहनत और निष्ठा से निभाया है. मेला समाप्ति के बाद प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी अपने पैतृक जिला,वाहिनी और इकाई में वापस लौटेंगे. एसोसिएशन ने राज्य पुलिस प्रमुख से अनुरोध किया है कि संबंधित जिलों और इकाइयों के एसपी, एसएसपी और समादेष्टा को इस संबंध में जल्द से जल्द उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं.

