अंतिम सोमवार पर कोडरमा-झुमरी तिलैया में ट्रैफिक प्लान लागू, 24 अगस्त को सुबह 3 से शाम 6 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

Koderma: श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर 24 अगस्त 2026 को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के झरनाकुंड से जल उठाकर...

अंतिम सोमवार पर कोडरमा-झुमरी तिलैया में ट्रैफिक प्लान लागू
अंतिम सोमवार पर कोडरमा-झुमरी तिलैया में ट्रैफिक प्लान लागू

Koderma: श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर 24 अगस्त 2026 को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के झरनाकुंड से जल उठाकर ध्वजाधारी धाम स्थित भगवान शिव के मंदिर में जलाभिषेक करने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कोडरमा तथा झुमरी तिलैया शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं नियंत्रित रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. श्रद्धालुओं की भीड़ एवं यातायात के दबाव को देखते हुए 24 अगस्त को प्रातः 3 बजे से शाम 6 बजे तक विभिन्न मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है.

प्रमुख यातायात व्यवस्था इस प्रकार है

बिहार की ओर से आने वाले भारी वाहन जैसे ट्रक, हाईवा एवं ट्रेलर को मेघातरी में प्रातः 3 बजे से ही रोका जाएगा. बिहार की ओर से आने वाली पैसेंजर बस एवं छोटी गाड़ियां बागीटांड़ से लोकाई एवं संत क्लेयर स्कूल होते हुए बजरंगबली चौक के रास्ते हजारीबाग की ओर जाएंगी. बजरंगबली चौक से हजारीबाग की ओर जाने वाले मार्ग पर प्रातः 3 बजे से शाम 6 बजे तक नो-एंट्री रहेगी.

गिरिडीह की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नवलशाही थाना के आसपास पार्किंग कराई जाएगी. वहीं गिरिडीह की ओर से आने वाले छोटे वाहन एवं पैसेंजर बस डोमचांच-बजरंगबली चौक, कोडरमा होते हुए हजारीबाग की ओर जाएंगे.

तिलैया से ध्वजाधारी धाम जाने के क्रम में बजरंगबली चौक के पास बड़े वाहन, पैसेंजर बस एवं छोटी कार आदि के लिए नो-एंट्री रहेगी. बजरंगबली चौक एवं बागीटांड़ के बीच एनएच-20 पर सड़क के दोनों ओर की छोटी गलियों में ड्रॉप गेट लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा.

कांवरियों के लिए वन-वे व्यवस्था

झरनाकुंड से जल लेकर ध्वजाधारी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएच-20 पर वन-वे व्यवस्था केवल कांवरियों के लिए लागू रहेगी. झरनाकुंड मोड़ से लगभग 500 मीटर पहले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा तथा झरनाकुंड मोड़ से जेजे कॉलेज तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी.

रांची की ओर से आने वाले सभी बड़े एवं भारी वाहनों को जवाहर घाटी चंदवारा के पास पार्किंग कराया जाएगा. प्रातः 3 बजे से शाम 6 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.

रांची की ओर से आने वाली पैसेंजर बस एवं छोटी गाड़ियां महाराणा प्रताप चौक से दाहिने मुड़कर जयनगर की ओर जाने वाली सड़क का प्रयोग करेंगी. यह व्यवस्था शाम तक भीड़ समाप्त होने तक लागू रहेगी.

बजरंगबली चौक से जेजे कॉलेज तक दो लेन सड़क पर झरनाकुंड से श्रद्धालु ध्वजाधारी धाम की ओर जाएंगे तथा पूजा के बाद इसी मार्ग से वापस लौटेंगे. दोनों लेन के बीच स्लाइडिंग एवं रस्सी के माध्यम से डिवाइडर बनाया जाएगा.

उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन करते हुए सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करें. यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

ALSO READ: कोडरमा: दूधपनिया में मामूली विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, दोनों पक्षों से 5 लोग घायल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *