Bero: बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानापानी लापुंग मोड़ के समीप बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में मिर्चा लदा सवारी टेंपू अनियंत्रित होकर पलट गया. इस भीषण दुर्घटना में टेंपू पर सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मृतक की पहचान सिसई मुरगु मेड़ियाटोली निवासी 29 वर्षीय सुखदेव उरांव के रूप में की गई है.

ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित हुआ वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मिर्चा लदा सवारी टेंपू (संख्या- JH 01 CZ 9945) भरनो की ओर से बेड़ो की तरफ आ रहा था. इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे पुरानापानी लापुंग मोड़ के पास टेंपू चालक ने आगे चल रहे एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया. तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे टेंपू सड़क पर ही पलट गया. हादसे के वक्त वाहन में कुल चार लोग सवार थे, जो मिर्चा के साथ बेड़ो आ रहे थे.
घटनास्थल पर ही तोड़ा दम, तीन अन्य घायल
टेंपू के पलटने से उसमें सवार 29 वर्षीय सुखदेव उरांव (पिता- सिसई मुरगु मेड़ियाटोली) गंभीर रूप से वाहन के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, इस हादसे में भरनो मदनपुर छप्परटोली ग्राम निवासी सीताराम उरांव, सुका उरांव और एक अन्य सुखदेव उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
पूर्व मुखिया और ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, घायलों को भेजा अस्पताल
सड़क दुर्घटना की भनक लगते ही ईटा पंचायत के पूर्व मुखिया बुधराम बाड़ा तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल बेड़ो थाना पुलिस और प्रशासन को हादसे की सूचना दी. इसके बाद पूर्व मुखिया बुधराम बाड़ा ने स्थानीय सहयोगियों- सतवीर मिंज, प्रदीप बाड़ा, नईम हुसैन, बारीक खान, सोमरा उरांव, विकास ठाकुर और अन्य ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अविलंब इलाज के लिए बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
ALSO READ: पलामू : गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, जहर देकर मारने का आरोप
पुलिस मामले की जांच में जुटी
इधर, सूचना मिलते ही बेड़ो थाना की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मृतक सुखदेव उरांव के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त टेंपू को जब्त कर पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है.
