News Wave Desk: हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा जीटी रोड स्थित बाल भवन स्कूल के पास हुआ. सूचना मिलते ही बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
समालखा से लौटते समय पंचर हुआ कार का टायर
पुलिस के अनुसार, गन्नौर के शाहपुर तगा गांव निवासी मोहित, फरीदाबाद निवासी अमित गिरोरा और उनका साथी उमेश कार से समालखा से गन्नौर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी कार का टायर पंचर हो गया. तीनों युवकों ने जीटी रोड किनारे कार रोककर टायर बदलना शुरू किया.
तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
टायर बदलने के दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात ट्रक ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि मोहित और अमित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
Read Also: भगवान जगन्नाथ की पूजा क्यों की जाती है और आषाढ़ में ही क्यों निकलती है रथ यात्रा? जानिए पूरी कहानी –
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेज दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल उमेश का अस्पताल में इलाज जारी है.
अज्ञात ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फरार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा.
