Hazaribagh: झारखंड के हजारीबाग में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. ताजा मामला लोहसिंगना थाना क्षेत्र के मंडई राणा मोहल्ला का है, जहां चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लगभग 10 लाख रुपए की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

तीन दिन से बंद था घर, लौटते ही उड़ गए होश
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बाबूलाल राणा तीन दिन पहले अपने पूरे परिवार के साथ बेटी के ससुराल धनबाद गए हुए थे. इस दौरान घर पूरी तरह बंद था. सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. घर के अंदर अलमारियों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था. चोर घर में रखे नकद, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े और पीतल-कांसा के बर्तन भी ले उड़े.
जांच में जुटी लोहसिंगना थाना पुलिस
घटना की लिखित शिकायत मिलते ही लोहसिंगना थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके.
