Hazaribagh: हजारीबाग शहर और इसके आस-पास के इलाकों में पैर पसारते जा रही नशीली दवाओं की लत और इसके काले कारोबार के खिलाफ अब आम जनता ने खुद मोर्चा संभाल लिया है. युवा पीढ़ी को गर्त में जाते और हंसते-खेलते परिवारों को बर्बाद होते देख पेलावल थाना क्षेत्र के गड़ोखर पंचायत के ग्रामीण रविवार को पूरी तरह से गोलबंद हो गए. ग्रामीणों ने न केवल नशे के खिलाफ एक बड़ा जागरूकता अभियान छेड़ा, बल्कि एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ब्राउन शुगर खरीदने आए कुछ युवकों को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. ग्रामीणों के इस कड़े रुख से इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है.
जागरूकता अभियान के दौरान हत्थे चढ़े नशेड़ी
उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार और जिला प्रशासन के नशामुक्ति अभियान से प्रेरणा लेकर रविवार को गड़ोखर पंचायत के लोग गांव में एकजुट होकर जागरूकता फैला रहे थे. लोग एक-दूसरे को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बता रहे थे और युवाओं को इससे दूर रहने की अपील कर रहे थे. इसी बीच स्थानीय लोगों की नजर कुछ संदिग्ध युवकों पर पड़ी, जो वहां प्रतिबंधित नशीला पदार्थ ‘ब्राउन शुगर’ खरीदने पहुंचे थे. ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और रंगे हाथ उन युवकों को दबोच लिया. इसके तुरंत बाद पेलावल थाना पुलिस को सूचना दी गई और पकड़े गए युवकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.

“कैंसर की तरह फैल रही है बीमारी, जनता को खड़ा होना ही होगा”
मामले को लेकर गड़ोखर पंचायत के सरपंच ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, कि हमारे क्षेत्र में नशे की बीमारी कैंसर की तरह फैल रही है. आए दिन युवाओं का भविष्य और उनके मां-बाप की उम्मीदें टूट रही हैं. प्रशासन प्रयास कर रहा है, लेकिन जब तक जनता खुद खड़ी नहीं होगी, यह काला धंधा पूरी तरह बंद नहीं होगा. आज सुबह जब हम लोग जागरूकता अभियान चला रहे थे, तभी हमें ये लड़के दिखे जो ब्राउन शुगर की डील करने आए थे. हमने इन्हें पकड़कर पुलिस को दे दिया है. अब हमारी पंचायत में यह अभियान रुकने वाला नहीं है. नशा बेचने वाले सुधर जाएं, नहीं तो उनका अगला ठिकाना जेल होगा.
वहीं, आंदोलन में शामिल स्थानीय ग्रामीणों ने भी साफ लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, कि हम लोग अपने बच्चों को अपनी आंखों के सामने बर्बाद होते नहीं देख सकते. आज गड़ोखर के कोने-कोने से लोग इस मुहिम में शामिल हुए हैं. हमने आपस में यह तय किया है कि अब इस पूरे इलाके में दिन हो या रात, हमारी पैनी नजर रहेगी, जो भी व्यक्ति नशे की सामग्री बेचते हुए या उसका सेवन करते हुए पकड़ा जाएगा, उसे सीधे पकड़कर पुलिस के हवाले किया जाएगा. हम अपने गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाकर ही दम लेंगे.
युवाओं को गिरफ्त में ले रहा है नशे का जाल
गौरतलब है कि इन दिनों हजारीबाग और उसके आस-पास के क्षेत्रों में अचानक से नशेड़ियों और नशीली सामग्री बेचने वाले सिंडिकेट की सक्रियता बढ़ी है. जिला पुलिस लगातार इस पर कार्रवाई भी कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर अब ग्रामीणों का इस तरह आगे आना इस लड़ाई को और मजबूत करेगा. गड़ोखर पंचायत के लोगों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका यह अभियान अब लगातार जारी रहेगा, ताकि आने वाली पीढ़ी को इस जानलेवा लत से सुरक्षित बचाया जा सके.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: टेकराहातु में बाबूलाल मरांडी ने ग्रामीणों संग सुनी ‘मन की बात’


