RANCHI: राजधानी रांची के खेलगांव स्थित कपड़ा निर्माण कंपनी ओरिएंट क्राफ्ट के श्रमिकों का धैर्य जवाब दे गया है. पिछले लंबे समय से अनियमित वेतन और बकाया भुगतान की समस्याओं से जूझ रहे सैकड़ों महिला और पुरुष कर्मचारी आज एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं. अपनी मेहनत की कमाई के लिए गुहार लगाते हुए इन मजदूरों ने कंपनी के बाहर मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है. हालांकि कल प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में सहमति भी बनी थी.
मजदूर बोले, हो गई है भूखमरी की स्थिति
प्रदर्शनकारी मजदूरों का कहना है कि वेतन के अनियमित होने से उनके सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है. घर का किराया, बच्चों की स्कूल फीस और राशन जैसे बुनियादी खर्चों के लिए उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है. श्रमिकों का आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद कंपनी प्रबंधन वेतन वितरण की समय सीमा तय करने में विफल रहा है. इसी ‘टालमटोल’ वाले रवैये के कारण मजदूर काम छोड़कर सड़क पर बैठने को मजबूर हुए हैं.
Also Read: सिमडेगा में महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज, BJP ने कांग्रेस गठबंधन को घेरा
यातायात बाधित
खेलगांव क्षेत्र में सड़क पर प्रदर्शन होने के कारण यातायात बाधित हुआ है. मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जब तक उनके पिछले बकाये का पूर्ण भुगतान और भविष्य में समय पर वेतन की लिखित गारंटी नहीं मिलती, वे अपना आंदोलन खत्म नहीं करेंगे.
