RANCHI: झारखंड में झुलसा देने वाली गर्मी के बीच अब मौसम अचानक बदलने जा रहा है. आज से ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का असर दिख सकता है. राजधानी रांची सहित कई जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, क्योंकि तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक 27 अप्रैल से ही तापमान में कमी शुरू हो जाएगी और 2 मई तक राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी. इस दौरान वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, यानी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, कई जिले अभी भी बेहाल
रविवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं पलामू सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां पारा 44.9 डिग्री तक पहुंच गया. सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
हालांकि कुछ जगहों पर हल्की राहत भी देखने को मिली. बोकारो में तापमान 35.2 डिग्री और जमशेदपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा. संताल परगना के जिलों में पारा करीब 30 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया.
इन इलाकों में ज्यादा असर पड़ेगा
27 अप्रैल को संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में मौसम सबसे ज्यादा बिगड़ सकता है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.
Also Read: भीषण गर्मी में स्कूलों में शुद्ध पेयजल और ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए: समीर पूर्ति
इसके बाद 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है. वहीं 30 अप्रैल से 2 मई तक पूरे राज्य में आंधी, बारिश और गरज के साथ मौसम का यह मिजाज जारी रह सकता है.
