Manoharpur: मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत स्टील ऑथिरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की चिरिया स्थित दुबिल माइंस में स्थानीय लोगों को रोजगार देने समेत अन्य मांगों को लेकर जारी धरना 12वें दिन भी जारी रहा. इस बीच ग्रामीणों से मिलने सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी पहुंचे. साथ में BDO शक्ति कुंज, CO प्रदीप कुमार और ठेकेदार भी मौजूद रहे. सांसद-विधायक समेत अन्य लोगों के धरना स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. सांसद और विधायक ने ग्रामीणों से करीब एक घंटे तक वार्ता की और उनकी मांगों का समर्थन किया. हालांकि, बिना लिखित आश्वासन के ग्रामीण आंदोलन खत्म करने को राजी नहीं हुए.
ग्रामीणों ने की लिखित आश्वासन की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि धरना स्थल पर सेल प्रबंधक आकर लिखित आश्वासन दें, तभी आगे का निर्णय लिया जाएगा. इस दौरान सांसद जोबा माझी ने ग्रामीणों से कहा, कि वह केवल प्रबंधक और ग्रामीणों के बीच मध्यस्थता कर रही हैं. किसी भी तरह का आश्वासन सेल प्रबंधक ही दे सकते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो, इसके अलावा हर संभव प्रयास कर रहे हैं. मामले का समाधान अगर स्थानीय स्तर पर नहीं हुआ, तो वह आगामी मानसून सत्र में संसद में मामले को उठाएगी.

वहीं विधायक जगत माझी ने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा, कि सेल प्रबंधन के समक्ष उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को रखा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा उनकी मांगें पूरी हो सके. इधर सेल प्रबंधन ने ग्रामीणों को चिरिया गेस्ट हाउस वार्ता के लिए आमंत्रित किया, लेकिन ग्रामीण धरना स्थल पर ही वार्ता के लिए अड़े रहे, जिस कारण मंगलवार की वार्ता बेनतीजा रही.
यह भी पढ़ें: ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमला, मारपीट के बाद गोली मारने की धमकी, दो भाइयों पर केस दर्ज


