सिमडेगा में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ महिला जिला कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन

सिमडेगा: रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और सिलेंडर की किल्लत के विरोध में गुरुवार को महिला जिला कांग्रेस कमिटी के बैनर तले...

सिमडेगा: रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और सिलेंडर की किल्लत के विरोध में गुरुवार को महिला जिला कांग्रेस कमिटी के बैनर तले महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा के नेतृत्व में वीर बुधु भगत चौक से पैदल मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए महावीर चौक पहुंचा. इस दौरान महिलाओं ने हाथों में रसोई गैस सिलेंडर के फोटो वाले पोस्टर और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई के विरोध में आवाज उठाई.

आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं

मौके पर जोसिमा खाखा ने कहा कि आज देश की हर रसोई से महंगाई की पीड़ा की आवाज सुनाई दे रही है. रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और कच्चे खाद्य तेल सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर गैस की भारी किल्लत है और एजेंसियां समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं. होटल और ढाबा संचालकों को भी सिलेंडर नहीं मिलने से छोटे व्यवसायियों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है.

जोसिमा खाखा ने कहा कि जिस रसोई से कभी स्वाद और खुशबू की महक आती थी, आज वहीं से चिंता और मजबूरी का धुआं उठ रहा है. उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो महिला कांग्रेस सड़क से संसद तक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी.

प्रदर्शन के दौरान रसोई गैस की कीमतों में कमी, सिलेंडर की नियमित उपलब्धता, खाद्य तेल व आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण तथा छोटे होटल-ढाबा संचालकों के लिए राहत पैकेज देने की मांग की गई. मौके पर रणधीर रंजन, सिलबेस्तर बाघवार, अजीत लकड़ा, कौशल रोहिला, समरोम पौल तोपनो, एजाज अहमद सहित कई लोग उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: कैबिनेट का फैसलाः अब राज्य के दूसरे उच्च तकनीकी संस्थनों की छात्राओं को भी मिलेगा छात्रवृति का लाभ

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *