गिरिडीह: बिहार के समस्तीपुर जिले से गिरिडीह घूमने आए एक 22 वर्षीय युवक की वॉटरफॉल में नहाने के दौरान डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के चाँदचौरा जनकपुर निवासी विजय कुमार सिंह के पुत्र गौरव कुमार सिंह के रूप में हुई है.
दोस्त के साथ घूमने आया था युवक
मृतक के चाचा सुमन कुमार ने बताया कि गौरव अपने दोस्त अनमोल कुमार के साथ झिंझरी मोहल्ला स्थित कृष्णा कुमार के ससुराल, विनोद दास के घर ठहरा हुआ था. गुरुवार को दोनों दोस्त वॉटरफॉल घूमने गए थे. इसी दौरान नहाते समय गौरव अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.
बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं बच सकी जान
दोस्त को डूबता देख अनमोल ने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था.
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को बाहर निकालकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस जांच जारी, सतर्कता की अपील
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस संबंध में थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई और मामले की जांच जारी है. साथ ही उन्होंने पर्यटकों से वॉटरफॉल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है.
