Palamu: पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तरहसी थाना क्षेत्र के तिरौंधा गांव में चलाए गए अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक दुकान पर छापेमारी कर 490 ग्राम गांजा बरामद करते हुए 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. SDPO कार्यालय लेस्लीगंज में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि 23 अगस्त 2026 को शाम करीब 4:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया कि तिरौंधा निवासी अंकित कुमार सिंह (19 वर्ष), पिता दिलीप सिंह, अपनी दुकान में गांजा रखकर अवैध खरीद-बिक्री करता है.

त्वरित छापेमारी की
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ लेस्लीगंज के नेतृत्व में तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन और पुलिस बल ने तिरौंधा स्थित दुकान पर त्वरित छापेमारी की. तलाशी के दौरान दुकान से एक काले रंग की पॉलिथीन में छिपाकर रखा गया 490 ग्राम गांजा (मादक पदार्थ) बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से ही आरोपी अंकित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया और बरामद गांजे को जब्त करते हुए आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

