Bokaro: हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9बी में एक युवक के साथ मारपीट कर पैसे छीनने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर पीड़ित के पिता रघुनाथ महतो ने हरला थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
घर लौट रहे युवक का किया पीछा
शिकायत के अनुसार, 28 जुलाई की रात करीब 7:40 बजे पीड़ित आतिश कुशवाहा अपनी स्कूटी से सेक्टर-4 से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बोकारो जनरल अस्पताल के पास से अपाचे बाइक सवार तीन युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. बताया गया कि जब आतिश अपने आवास सेक्टर-9बी, स्ट्रीट-12 स्थित क्वार्टर नंबर-337 पहुंचा, तो पीछा कर रहे तीनों युवक भी वहां पहुंच गए.
विरोध करने पर बुलाए और युवक, की मारपीट
पीड़ित के अनुसार, युवकों ने उसे घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपियों ने फोन कर तीन अन्य युवकों को भी बुला लिया. इसके बाद सभी ने मिलकर आतिश के साथ मारपीट की. आरोप है कि इसी दौरान छोटू यादव नामक युवक ने उसकी जेब से 3 हजार रुपये निकाल लिए. वहीं बंटी यादव पर गर्दन दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है.

पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित के पिता ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है.
ALSO READ: कोडरमा: यात्रियों के लिए राहत, 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार


