Koderma : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है. इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने मरकच्चो प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तरीय पदाधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया.
हर पात्र मतदाता तक पहुंचे SIR प्रपत्र, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने BLO से गणना प्रपत्रों के वितरण, मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन सहित अन्य कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उन्होंने निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने BLO सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने एवं प्रपत्र भरवाने में BLO को सहयोग करना सुनिश्चित करें तथा प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटलाइजेशन कराने में भी सहयोग करें. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है. प्रत्येक पात्र मतदाता का दायित्व है कि वह इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए निर्धारित SIR प्रपत्र आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बूथ स्तरीय पदाधिकारी (BLO) को समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का त्रुटिरहित अद्यतन सुनिश्चित किया जा सके.

BLO कर रहे घर-घर सत्यापन, DC ने नागरिकों से मांगा सहयोग
DC ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर नियुक्त BLO घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं तथा उनके विवरण का सत्यापन कर रहे हैं. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले के आम नागरिकों से भी अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान BLO को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों के नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि जिले की मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित तैयार की जा सके. वहीं, उप विकास आयुक्त रवि जैन ने झुमरी तिलैया के मतदान केंद्र संख्या 77, 78, 84, 92 एवं 93 का निरीक्षण कर एसआईआर से संबंधित कार्यों की जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सुभाष यादव, सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
Also Read : चाईबासा: RPS कॉलेज में युवा संवाद सह सम्मान समारोह आयोजित, छात्रों को मिला सफलता का मंत्र


