Ranchi: राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया. रांची में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विभिन्न इलाकों से जुलूस रवाना हुआ. जुलूस के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही.

हिंदपीढ़ी, लोअर बाजार, कांटाटोली, डोरंडा और रातू रोड समेत कई इलाकों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. रंग-बिरंगे झंडों, ताशों और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच युवाओं और बुजुर्गों ने पारंपरिक हथियारों के साथ लाठी खेल और तलवारबाजी के करतब दिखाए. जुलूस में शामिल लोग ‘या अली, या हुसैन’ के नारे लगा रहे थे.

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए शहर को कई जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और जिला बल के हजारों जवानों की तैनाती की गई है. वहीं, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है.

कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग, साइबर सेल भी अलर्ट
रांची पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे शहर की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी रखी जा रही है. वरीय पुलिस अधिकारी कंट्रोल रूम से लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए साइबर सेल की विशेष टीम भी 24 घंटे सक्रिय है.
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शहर के विभिन्न इलाकों का लगातार दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.



